नव निर्वाचित माहेश्वरी धर्मशाला समिति ने संभाला कार्यभार

भीलवाड़ा समाचार 
आकोला (रमेशचंद्र डाड)श्री सिंगोली चारभुजा माहेश्वरी धर्मशाला समिति के नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने संक्षिप्त कार्यभार ग्रहण समारोह के बाद बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता नवनिर्वाचित अध्यक्ष संदीप पोरवाल ने की। इससे पूर्व भगवान महेश की पूजा-अर्चना की गई तथा भगवान चारभुजानाथ के दर्शन कर धर्मशाला के विकास एवं व्यवस्थाओं के लिए मंगलकामना की गई।

बैठक में समिति के मंत्री ओमप्रकाश लढ़ा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का तिलक एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया। बैठक में राजस्थान ग्रामीण बैंक के खाते के स्थानांतरण संबंधी प्रस्ताव पारित किया गया। बैंक खाते के लेनदेन के लिए अध्यक्ष संदीप पोरवाल, कोषाध्यक्ष राजेंद्र कुमार मूंदड़ा एवं मंत्री ओमप्रकाश लढ़ा में से किसी भी दो पदाधिकारियों को अधिकृत करने का निर्णय लिया गया।

कार्यालय मंत्री का मनोनयन

बैठक में कार्यालय मंत्री पद के लिए रामकृष्ण पोरवाल, बड़लियास एवं राधेश्याम तुरक्या, मालका खेड़ा का मनोनयन किया गया। वहीं समिति की सदस्यता शुल्क बढ़ाकर 2100 रुपए किए जाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।

समिति की आमसभा की बैठक 11 अक्टूबर 2026 को आयोजित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में धर्मशाला के आगामी विकास कार्यों एवं व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा हुई।

धर्मशाला को भव्य स्वरूप देने पर जोर

अध्यक्ष संदीप पोरवाल ने धर्मशाला के विकास को प्राथमिकता बताते हुए इसे आधुनिक सुविधाओं से युक्त एवं भव्य स्वरूप प्रदान करने की बात कही। उन्होंने समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

बैठक में उपाध्यक्ष बालकिशन कालिया, भैरूलाल सोमानी, कोषाध्यक्ष राजेंद्र कुमार मूंदड़ा, संगठन मंत्री कृष्ण गोपाल डागा, संयुक्त मंत्री दिनेश नामधराणी, महावीर प्रसाद तुरक्या, पूर्व कोषाध्यक्ष सतीश सोमानी, प्रभुलाल सोमानी, दुर्गालाल गट्यानी, राजेंद्र लढ़ा, श्रीराम सोमानी, रामकृष्ण पोरवाल, राधेश्याम तुरक्या सहित समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

नवनिर्वाचित समिति के पदाधिकारियों ने धर्मशाला के विकास, समाज की एकजुटता एवं बेहतर व्यवस्थाओं के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।